नशामुक्त समाज के लिए संस्थाएं आगे आएं, ब्रह्माकुमारीज को 51 हजार रुपए देने की घोषणा
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने ब्रह्माकुमारीज संस्था को 51 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।
सोलन
डॉ. शांडिल ब्रह्माकुमारीज सोलन और समाज सेवा प्रभाग माउंट आबू, राजस्थान के सौजन्य से आयोजित ‘संगम’ गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन कार्यक्रम के तहत आध्यात्मिक समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था मानवता की सेवा के साथ समाज के नैतिक और आध्यात्मिक उत्थान की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। युवाओं को सही दिशा, अच्छे संस्कार और सकारात्मक वातावरण देकर ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज बनाया जा सकता है।
नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए यथासंभव प्रयास कर रही है, लेकिन केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज सहित सभी संस्थाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में आगे आने तथा युवाओं को इसके दुष्परिणामों की जानकारी देकर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. के.के. रैना ने सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी दीदी बी.के. सुषमा, प्रदेश कांग्रेस समिति पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. कर्नल संजय शांडिल, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर, ग्राम पंचायत मनसार के प्रधान जय प्रकाश, उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, संधिरा सिंह सीनू, आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।