Loading...

खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान: सिरमौर के हर उपमंडल में 800 खिलाड़ियों के पंजीकरण का लक्ष्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Mins Ago • 1 Min Read

प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान, 2026’ शुरू करेगी। सिरमौर जिले के प्रत्येक उपमंडल में 30 नवंबर, 2026 तक 800 खिलाड़ियों के ऑनलाइन पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत 10 खेलों की प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

नाहन

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी उपमंडलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, युवा क्लबों, महिला मंडलों, ग्राम पंचायतों और अन्य संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित अवधि में पूरी करने को कहा गया है।

इन 10 खेलों की होंगी प्रतियोगिताएं

अभियान के अंतर्गत क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। खिलाड़ी आधिकारिक पोर्टल khelohimachal.hp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु 15 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागी का संबंधित उपमंडल का निवासी होना जरूरी है और पहचान तथा स्थायी पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड अनिवार्य किया गया है।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को प्रतियोगिताओं का आयोजन पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना है। उपमंडल स्तर से शुरू होने वाली इन प्रतियोगिताओं के बाद जिला और राज्य स्तर पर भी मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

Related Topics: •