Loading...

चौकीमन्यार कॉलेज में स्वतंत्रता संग्राम और युवाओं की भूमिका पर विशेष व्याख्यान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Hours Ago • 1 Min Read

*राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में ‘भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और युवा’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित*

*ऊना/वीरेंद्र बन्याल/ हिमाचल नाऊ न्यूज।*

चिंतपूर्णी विधानसभा एवं उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और युवा’ विषय पर एक दिवसीय विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता संग्राम में युवाओं की भूमिका, उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित करवाने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र सेवा की भावना को जागृत करना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर नवीन शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता संग्राम में युवा क्रांतिकारियों एवं विद्यार्थियों के अदम्य साहस, संघर्ष और अभूतपूर्व बलिदानों को विस्तार से रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक युवाओं ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और संघर्ष से आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों का आह्वान करते हुए कहा कि युवा इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जिम्मेदारी और समाज कल्याण की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि देश के विकास और मजबूत राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रो० कविता कौशल ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को केवल इतिहास की पुस्तकों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना के साथ युवा देश को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के इको क्लब, आपदा प्रबंधन क्लब एवं खेलकूद क्लब के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने विषय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर प्रेरणा ली।

कार्यक्रम में प्रो० कविता कौशल, डॉ० सगुन डोगरा सहित महाविद्यालय का समस्त कार्यालय एवं गैर-शिक्षक स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक सरोकार एवं राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Topics: