Loading...

हादसा: मंडी में सर्पदंश से सगे भाई-बहन की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

हादसा: मंडी जिले के कोटली क्षेत्र के सेहली गांव में सर्पदंश से नौ वर्षीय काव्या और उसके छह वर्षीय भाई नक्ष की मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन दोनों बच्चों को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी ले गए, जहां से उन्हें श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक रेफर किया गया। नेरचौक पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मंडी/कोटली

तड़के करीब ढाई बजे काव्या ने माता-पिता को जगाकर पेट में दर्द होने की शिकायत की। कुछ समय बाद नक्ष ने भी पेट दर्द की बात कही। परिजनों ने शुरुआत में इसे ठंड या अपच से जुड़ी परेशानी समझा और गर्म पानी की थैली से बच्चों के पेट की सिकाई की। करीब आधे घंटे बाद काव्या को उल्टियां होने लगीं और वह दर्द से रोने लगी। लगभग पांच मिनट बाद नक्ष की हालत भी बिगड़ गई।

दरवाजे के पास दिखाई दिया काला सांप

बच्चों की तबीयत बिगड़ने के दौरान परिजनों ने घर के दरवाजे के पास एक बड़ा काला सांप रेंगते देखा। काफी प्रयास के बाद सांप को घर से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजनों को दोनों बच्चों के सर्पदंश का शिकार होने का अंदेशा हुआ और वे उन्हें तत्काल उपचार के लिए मंडी अस्पताल ले गए। वहां से चिकित्सकों ने दोनों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी।

नमूने जांच के लिए एकत्र

घटना की सूचना मिलने के बाद कोटली पुलिस चौकी प्रभारी ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचकर परिजनों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शवों का निरीक्षण करने के साथ फोटोग्राफी भी करवाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया मौत का कारण सांप का जहर बताया है। दोनों बच्चों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है। परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया है।

Related Topics: