चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल के विद्यार्थियों का दबदबा, तीन मेधावी छात्र-छात्राओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
शिक्षा विभाग की ओर से हाल ही में आयोजित चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल, ऊना के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के तीन होनहार विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया है। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
गणित ओलंपियाड की सीनियर श्रेणी में दसवीं कक्षा की छात्रा वृंदा शर्मा ने दूसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, जूनियर श्रेणी में छठी कक्षा के छात्र आरव कौशिक ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी गणितीय समझ, तार्किक क्षमता और विषय पर मजबूत पकड़ का परिचय देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया।
इसी प्रकार चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के अंतर्गत आयोजित सीनियर सेकेंडरी स्तर की साइंटिफिक एक्टिविटी प्रतियोगिता में प्लस वन की छात्रा श्रेया धीमान ने तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
तीनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर न केवल विद्यालय को गौरवान्वित किया है, बल्कि जिला ऊना का मान भी बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता का परचम लहराएंगे।
धीरज शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। आवश्यकता केवल उसे पहचानने, निखारने और सही दिशा में आगे बढ़ने की है। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ विज्ञान, गणित, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता की राह प्रशस्त करता है।
विद्यालय प्रबंधन ने भी तीनों विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल के इन तीनों होनहार विद्यार्थियों की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत के दम पर विद्यार्थी हर मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।