चिंतपूर्णी में भाजपा को फिर बड़ा झटका, कटोहड़ खुर्द पंचायत ने थामा कांग्रेस का दामन
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को एक और राजनीतिक झटका लगा है। कटोहड़ खुर्द पंचायत के प्रधान दीपक जोशी, उपप्रधान अशोक कुमार सहित पंचायत के सभी सदस्यों ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के निवास स्थान पर पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। पंचायत प्रतिनिधियों के एकजुट होकर कांग्रेस में शामिल होने से क्षेत्र की सियासत में नई चर्चा छिड़ गई है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कांग्रेस में शामिल होने के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों के साथ आगे बढ़ने की बात कही। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने सभी नए साथियों का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता और पंचायत प्रतिनिधि को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
कटोहड़ खुर्द पंचायत के प्रधान, उपप्रधान और सभी पंचायत सदस्यों के एक साथ कांग्रेस में शामिल होने को पंचायत स्तर पर महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। इस घटनाक्रम के बाद चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने के आसार हैं।
विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
कटोहड़ खुर्द पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों के सामूहिक रूप से कांग्रेस में शामिल होने से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।