Loading...

112 गांव तंबाकू मुक्त बनाकर ऊना प्रदेश में शीर्ष पर, अब शत-प्रतिशत लक्ष्य की तैयारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 32 Mins Ago • 1 Min Read

तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तीसरे चरण में 112 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाकर ऊना जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। जिला प्रशासन ने अब शेष गांवों को भी अभियान से जोड़कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। उपायुक्त जतिन लाल ने स्वास्थ्य विभाग, खंड चिकित्सा अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए चौथे चरण में सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उपायुक्त जतिन लाल ने जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में बताया कि 28 अक्तूबर से शुरू हुआ तंबाकू मुक्त युवा अभियान का चौथा चरण टीएफवाईसी-4.0 आगामी 26 दिसंबर तक चलेगा। इस अवधि में तंबाकू सेवन रोकने, युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर काम किया जाएगा। पंचायत स्तर पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर तंबाकू, खैनी, गुटखा, चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के नुकसान की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी

उपायुक्त ने एसडीएम, डीएसपी और संबंधित बीएमओ को कॉलेजों का दौरा कर विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित करने को कहा। शिक्षण संस्थानों में तंबाकू मुक्त परिसर के मानकों का पालन कराने के साथ उनके 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए। विभागाध्यक्षों को कार्यालय और कार्यस्थल तंबाकू मुक्त बनाने तथा शहरी स्थानीय निकायों को तंबाकू विक्रेताओं के लाइसेंस और निर्धारित शर्तों की समीक्षा करने को कहा गया है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियमों के पालन पर भी जोर दिया गया।

पुलिस, आबकारी एवं कराधान, खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग को नियमित निरीक्षण कर उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के दौरान कोटपा-2003, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम-2019, हिमाचल प्रदेश तंबाकू नियंत्रण अधिनियम-2016 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियमों के प्रावधान लागू किए जाएंगे। खुले में सिगरेट और बीड़ी की बिक्री, गुटखा-खैनी, अवैध या तस्करी की सिगरेट, हुक्का बार तथा तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन से जुड़े उल्लंघनों पर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

उल्लंघनों पर 700 चालान, 69 हजार रुपये से अधिक जुर्माना

टीएफवाईसी-3.0 के दौरान ऊना जिले में 898 शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में उपलब्धि दर्ज की गई और 21 प्रवर्तन अभियान चलाए गए। सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान से जुड़े उल्लंघनों पर 692 चालान कर 67,770 रुपये जुर्माना वसूला गया। खुली सिगरेट बेचने अथवा शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित उल्लंघनों पर आठ चालान कर 1,400 रुपये जुर्माना लगाया गया। प्रशासन ने अभियान की गतिविधियों और कार्रवाई की नियमित रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश स्तर पर टीएफवाईसी-3.0 में 4,800 के लक्ष्य के मुकाबले 9,677 शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में उपलब्धि दर्ज की गई, जबकि 360 के लक्ष्य की तुलना में 574 गांव तंबाकू मुक्त घोषित हुए। बड़े राज्यों की श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में सम्मानित किया गया। बैठक में अधिकारियों को ‘तंबाकू मुक्त हिमाचल’ की शपथ दिलाने के साथ प्रत्येक अधिकारी से कम से कम दस लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया।

Related Topics: •