Loading...

चुराह को 60.67 करोड़ की विकास सौगात, नौ परियोजनाओं से मजबूत होंगी सड़क-पेयजल सुविधाएं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

चुराह क्षेत्र में 60.67 करोड़ रुपये की नौ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भंजराड़ू में छह परियोजनाएं जनता को समर्पित कीं, जबकि तीन नई सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन कार्यों में सड़क उन्नयन, नए संपर्क मार्ग, पेयजल योजनाओं का पुनर्गठन और अतिरिक्त जल स्रोत उपलब्ध करवाने से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।

चंबा/चुराह

लोकार्पित परियोजनाओं में 2.84 करोड़ रुपये से निर्मित लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय भवन तीसा और 25.51 करोड़ रुपये से कियाणी-राजनगर-चकलू-कोटी सड़क का उन्नयन शामिल है। सत्यास पंचायत को राणिकोट नाला से पानी पहुंचाने के लिए 2.35 करोड़ रुपये की योजना पूरी की गई है। करेर और चरौड़ी पंचायतों की पेयजल योजनाओं का 1.68 करोड़ रुपये से पुनर्गठन भी किया गया है।

भंजराड़ू और खुशनगरी क्षेत्र के फुलतवास, सतलोग-I, सतलोग-II तथा खुशनगरी गांवों की पेयजल योजना के लिए 4.58 करोड़ रुपये से अतिरिक्त जल स्रोत उपलब्ध करवाए गए हैं। घुलेई पंचायत की विभिन्न पेयजल योजनाओं के सुधार और संवर्धन पर 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इन कार्यों का उद्देश्य संबंधित गांवों में स्वच्छ और नियमित पेयजल की उपलब्धता बेहतर करना है।

तीन नई सड़क परियोजनाओं की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री ने गांव कैहला के लिए 8.27 करोड़ रुपये और गांव टिकरी के लिए 5.64 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इसके साथ डकाला से कुंडा तक सड़क निर्माण के लिए 6.94 करोड़ रुपये की परियोजना का भी शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से चुराह क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा और पेयजल सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।