Loading...

चुराह के चार सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की घोषणा, 100 से अधिक स्कूल भी प्रक्रिया में

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Nov 2026 • 1 Min Read

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चुराह के हिमगिरी, थल्ली, जज्जाकोठी और मारूंड स्थित चार सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। प्रदेश के 100 से अधिक अन्य स्कूलों को भी सीबीएसई से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।

चंबा/चुराह

भंजराड़ू में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीबीएसई से संबद्ध किए जाने वाले स्कूलों के लिए शैक्षणिक स्टाफ की भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मेरिट के आधार पर अब तक 2,700 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की है।

शिक्षा की राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार का दावा

मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश में किए जा रहे शिक्षा सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश की राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार हुआ है। उनके अनुसार, वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश इस सूची में 21वें स्थान पर था, जबकि वर्ष 2025 में प्रदेश पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

Related Topics: •