चूड़धार मार्ग पर लगा यातायात प्रतिबंध का बोर्ड, फिर भी दौड़ रहे सैकड़ों वाहन
नौहराधार-चूड़धार सड़क पर लोक निर्माण विभाग ने यातायात प्रतिबंध संबंधी बोर्ड लगा दिया है, जबकि सड़क की औपचारिक पासिंग अभी तक नहीं हुई है। इसके बावजूद पिछले चार वर्षों से इस मार्ग पर लगातार वाहनों की आवाजाही जारी है और स्थानीय लोगों ने सड़क की शीघ्र पासिंग कर नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। विभाग ने बताया कि सड़क पासिंग की प्रक्रिया के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है।
संगड़ाह
नौहराधार-चूड़धार सड़क पर लोक निर्माण विभाग ने यातायात प्रतिबंध संबंधी बोर्ड लगा दिया है। यह बोर्ड विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय, संगड़ाह की ओर से लगाया गया है। हालांकि सड़क की औपचारिक पासिंग अभी तक नहीं हुई है, इसके बावजूद पिछले चार वर्षों से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है।करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क के चाबधार तक पहुंचने के बाद चूड़धार की यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन लगभग दो सौ वाहन इस मार्ग से गुजर रहे हैं। सड़क बनने से पैदल दूरी लगभग आधी रह गई है, जिससे अब बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी आसानी से चूड़धार की यात्रा कर पा रहे हैं।
यह सड़क हाल ही में उस समय चर्चा में आई थी, जब एक निजी बस संचालक इस मार्ग पर नियमित रूप से यात्रियों से सौ रुपये किराया लेकर बस चला रहा था। शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, नाहन ने बस का संचालन बंद करवा दिया। इसके बाद सड़क की पासिंग का मुद्दा मीडिया और सामाजिक माध्यमों में भी प्रमुखता से उठने लगा।चाबधार क्षेत्र के ग्रामीणों ने सरकार से सड़क की शीघ्र पासिंग करवाने की मांग की है, ताकि नियमित बस सेवा शुरू हो सके और लोगों को उचित किराये पर परिवहन सुविधा मिल सके।
गौरतलब है कि इस सड़क की मांग को लेकर चाबधार के ग्रामीणों ने सात से दस अक्तूबर 2018 तक अपने गांव से शिमला तक पैदल यात्रा कर तत्कालीन मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इसके बाद सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य पूरा हुआ।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता खजान सिंह ने बताया कि सड़क की पासिंग अथवा ट्रायल के लिए रोड फिटनेस समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम संगड़ाह को पत्र भेजा जा चुका है। वहीं एसडीएम सुनील कायथ ने कहा कि पंचायत समिति संगड़ाह के चुनाव संपन्न होने के बाद सड़क पासिंग की प्रक्रिया के लिए समय निर्धारित किया जाएगा।

