बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, ऊना में जोरदार धरना-प्रदर्शन
ऊना में जिला कांग्रेस कमेटी ने बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़े दाम वापस लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
बढ़ती महंगाई तथा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ऊना ने सोमवार को ऊना मुख्यालय में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता पर पड़ रही महंगाई की मार को प्रमुखता से उठाया।धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ऊना के अध्यक्ष देश राज गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और मध्यम वर्ग की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ रहा है, जिससे लोगों का जीवन यापन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़े हुए दामों को तत्काल वापस लेने की मांग की।धरना-प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधीश के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने तथा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में हुई वृद्धि को वापस लेने की मांग उठाई गई।
इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, राजेश पराशर, चिंतपूर्णी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रविंद्र, जगत राम, परवीन दुआ, अखिल अग्निहोत्री, इशान ओरी, निखिल शर्मा, ओंकार कपिला तथा गौरव लाठ सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
