Loading...

हिमाचल में कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव के संकेत, सरकार-संगठन में तालमेल पर रहेगा जोर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Mar 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

15 दिनों में बनेगी नई कार्यकारिणी, प्रतिभा सिंह बनी रहेंगी अध्यक्ष

शिमला, 2 मार्च – हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार और संगठन को लेकर दो दिनों तक चली बैठक के बाद पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह मजबूत स्थिति में है और 2027 में भी सत्ता में वापसी करेगी।

पाटिल ने स्पष्ट किया कि आगामी 15 दिनों में प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी गठित की जाएगी। हालांकि, पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह अपने पद पर बनी रहेंगी और इस संबंध में किसी तरह की चर्चा नहीं हुई है। नई कार्यकारिणी में “एक व्यक्ति-एक पद” का सिद्धांत पूरी तरह लागू किया जाएगा। सरकार में शामिल नेताओं को संगठन में स्थान नहीं मिलेगा। साथ ही, नई कार्यकारिणी में सभी वर्गों के पदाधिकारियों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।

सरकार और संगठन में समन्वय के लिए बनेगी समन्वय समिति

पाटिल ने बताया कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें नई कार्यकारिणी के गठन की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए एक समन्वय समिति बनाई जाएगी, जो परस्पर संवाद को मजबूत करने का कार्य करेगी।

भाजपा पर निशाना, केंद्र पर लगाया वित्तीय संकट पैदा करने का आरोप

पाटिल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में न तो भय बचा है और न ही लज्जा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज्यों में सरकार गिराने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर हिमाचल को जानबूझकर वित्तीय संकट में डालने का आरोप भी लगाया और कहा कि प्रदेश सरकार को केंद्र से पर्याप्त आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

पूर्व प्रत्याशियों की नाराजगी, सरकार से अनदेखी का आरोप

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान पार्टी के कुछ पूर्व प्रत्याशियों ने सरकार पर उनकी अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षों से उनके छोटे-छोटे कामों पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सचिवालय में अधिकारियों से मिलना कठिन हो गया है और कई बार तो सुरक्षा कर्मी उन्हें अंदर जाने से भी रोक देते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, क्योंकि केंद्र सरकार ने वित्तीय पाबंदियां लगा रखी हैं। पाटिल ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

सप्ताह में एक दिन मंत्री को पार्टी मुख्यालय में बैठना होगा

रजनी पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू से यह सुनिश्चित करने के लिए चर्चा की जाएगी कि सप्ताह में एक दिन कोई न कोई मंत्री प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन शिमला में मौजूद रहे। इससे कार्यकर्ताओं को सचिवालय में भटकना नहीं पड़ेगा और उनकी समस्याओं का समाधान आसानी से हो सकेगा।