कांस्टेबल अमरीक सिंह को सशस्त्र सलामी के साथ अंतिम विदाई, उप मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
ऊना जिले के कांटे गांव निवासी कांस्टेबल अमरीक सिंह का स्वर्गधाम पालकवाह में अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस विभाग ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के रूप में सशस्त्र सलामी देकर अंतिम विदाई दी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित किया और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ऊना/हरोली/वीरेंद्र बन्याल
उप मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अमरीक सिंह का 21 अक्तूबर को निधन हो गया था। वह बीते कुछ समय से बीमार थे और पीजीआई चंडीगढ़ में उनका उपचार चल रहा था। बीमारी से जूझते हुए उन्होंने अंतिम सांस ली। अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों और बड़ी संख्या में परिजनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस जवानों ने अपने साथी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर फर्स्ट आईआरबीएन वनगढ़ की कमांडेंट डॉ. आकृति शर्मा, एएसपी ऊना अजय राणा, डिप्टी कमांडेंट अमित शर्मा एवं मनोज शर्मा, डीएसपी हरोली मोहन रावत और उप मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी बिन्नी मिन्हास सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित किया। उप मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।