Crime / चुराह में युवक की हत्या, झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव
Crime: चंबा जिले के चुराह उपमंडल की खुशनगरी पंचायत में नेगी राम का खून से लथपथ शव सड़क के नीचे झाड़ियों में मिला है। उसके सिर और दाहिने बाजू पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं। मृतक के भाई की शिकायत पर तीसा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
चंबा/चुराह
पुलिस को बुधवार सुबह सूचना मिली कि खुशनगरी पंचायत में सड़क के नीचे झाड़ियों में एक युवक मृत पड़ा है। तीसा पुलिस थाना प्रभारी की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने भी मौके का दौरा किया और मृतक के परिजनों से बातचीत की। मृतक की पहचान गुडेश गांव निवासी नेगी राम के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा भेज दिया गया है।
पुलिस की जांच में नेगी राम का मोबाइल फोन गायब मिला, जबकि उसकी बाइक सड़क पर लॉक खड़ी पाई गई। घटनास्थल से बिना सिम वाला एक अन्य मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। मृतक के भाई चमन ने पुलिस को बताया कि नेगी राम ढांजू में ढाबा चलाता था। वह मंगलवार को बाइक पर घर से ढांजू के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
चमन के अनुसार, बुधवार सुबह जुकयाणी स्विच यार्ड के पास शाली गांव के रास्ते में नेगी राम का शव मुंह के बल पड़ा मिला। उसके सिर और दाहिने बाजू पर गहरी चोटें थीं। शिकायत में अज्ञात लोगों पर तेजधार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीसा पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द मामले को सुलझाने का दावा किया है।
