Crime / शादी से दो दिन पहले लापता युवती लुधियाना से बरामद, आरोपी युवक गिरफ्तार
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
शादी से महज दो दिन पहले लापता हुई युवती के मामले में अम्ब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने बुधवार देर रात पंजाब के लुधियाना से युवती और आरोपी युवक को बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों वीरवार को कथित रूप से कोर्ट मैरिज करने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
अम्ब
वीरवार सुबह थाना अम्ब के बाहर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब आरोपी युवक की पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग वहां पहुंचे। दूसरी ओर आरोपी युवक के परिजन भी मौके पर मौजूद थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और स्थिति कुछ समय के लिए गर्मा गई। हालांकि पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर माहौल को शांत करवा दिया। युवती का परिवार भी थाना परिसर में मौजूद रहा।
5 मई को दर्ज हुई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार युवती के परिजनों ने 5 मई को थाना अम्ब में शिकायत दर्ज करवाई थी कि साथ लगते गांव का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से अपने साथ ले गया है। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब पता चला कि आरोपी युवक की शादी करीब तीन वर्ष पहले हो चुकी है। इस घटनाक्रम को लेकर आरोपी युवक की पत्नी और उसके मायके पक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई है।
चार परिवारों में पसरा सदमा
सूत्रों के मुताबिक युवती की शादी वीरवार को तय थी और परिवार में तैयारियां चल रही थीं। अचानक हुए इस घटनाक्रम ने युवती के मायके, होने वाले दूल्हे के परिवार, आरोपी युवक के घर तथा उसके ससुराल सहित चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। युवती के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
बीएनएस की धारा 87 के तहत मामला दर्ज
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना अम्ब में बीएनएस की धारा 87 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि युवती का मेडिकल करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। शुक्रवार को युवती के कोर्ट में बयान दर्ज करवाए जाएंगे। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि मामले की आगामी जांच आगे बढ़ाई जा सके।