Crime / भरमाड़-भगवाल उठाऊ पेयजल योजना से दो मोटरें और 100 मीटर तार चोरी
Crime : भरमाड़-भगवाल और सुदरां उठाऊ पेयजल योजना में चोरों ने लगातार दूसरी बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार पंप हाउस से दो मोटरें चोरी कर ली गईं, जबकि कुछ दिन पहले इसी योजना से करीब 100 मीटर विद्युत तार चोरी होने का मामला सामने आया था। जल शक्ति विभाग ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी है और पुलिस जांच में जुट गई है।
जवाली
जानकारी के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र जवाली में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने भरमाड़-भगवाल और सुदरां उठाऊ पेयजल योजना के पंप हाउस को निशाना बनाया। विभागीय कर्मचारी सन्नी कुमार डोगरा जब शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर पहुंचे तो पंप हाउस का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो दो बड़ी मोटरें गायब थीं। चोर दरवाजे की कुंडी तोड़कर मोटरें और ताले अपने साथ ले गए।
पहले भी चोरी हो चुकी है विद्युत तार
विभाग के अनुसार, इससे पहले सोमवार रात इसी योजना से करीब 100 मीटर विद्युत तार भी चोरी हो चुकी थी। चोरी हुई दो मोटरों की अनुमानित कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि चोरी हुई तार की कीमत करीब 88 हजार रुपये आंकी गई है। घटना की जानकारी मिलने पर फिटर तिलक राज ने कनिष्ठ अभियंता निर्मल सिंह को सूचित किया, जिसके बाद मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
जल शक्ति विभाग जवाली के अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार ने बताया कि मोटर चोरी होने की शिकायत पुलिस थाना जवाली में दर्ज करवा दी गई है। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।