Loading...

छात्रा की गुहार पर सीएम का फैसला, 700 किमी दूर तैनात मां का तीसा तबादला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने छात्रा वंशिका से किया वादा पूरा करते हुए उसकी मां नारो देवी का शिमला जिले के नेरवा से चंबा जिले के तीसा शिक्षा खंड में तबादला कर दिया है। जेबीटी अध्यापिका नारो देवी पिछले तीन वर्षों से घर से करीब 700 किलोमीटर दूर सेवाएं दे रही थीं। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने वीरवार को स्थानांतरण आदेश जारी किए, जिससे लंबे समय से मां से दूर रह रही वंशिका और उसके परिवार को राहत मिली है।

चंबा

मुख्यमंत्री के चुराह दौरे के दौरान पांचवीं कक्षा की छात्रा वंशिका ने उनसे मुलाकात कर अपनी मां का तबादला घर के नजदीक करवाने की गुहार लगाई थी। उसने बताया था कि उसकी मां नेरवा में तैनात हैं और नौकरी का स्थान घर से काफी दूर होने के कारण उसे उनसे अलग रहना पड़ रहा है। वंशिका चौथी कक्षा तक मां के साथ रहती थी, लेकिन पांचवीं कक्षा में प्रवेश लेने के बाद वह घर के नजदीक रहकर अपनी पढ़ाई कर रही है।

पांच प्रतिशत स्थानांतरण नीति के तहत आदेश

वंशिका जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश की तैयारी भी कर रही है। मां से दूरी और पढ़ाई के बीच तालमेल बनाने में आ रही परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अध्यापिका का तबादला घर के नजदीक करवाने का भरोसा दिया था। इसके बाद स्कूल शिक्षा निदेशालय ने नारो देवी को शिमला जिले के जीपीएस सोबल, नेरवा से चंबा जिले के जीपीएस चांद्रू, शिक्षा खंड तीसा में स्थानांतरित कर दिया। विभाग ने ये आदेश पांच प्रतिशत स्थानांतरण नीति के तहत जारी किए हैं।

चुराह दौरे के क्रम में मैहला पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक रीति-रिवाजों से स्वागत किया और उन्हें हिमाचली परिधान चोला-डोरा पहनाकर सम्मानित किया। ग्राम जोशी के लोगों, जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनसे बातचीत की। इसके बाद वह मैहला में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

Related Topics: •