Crime / नाहन शहर में गाड़ियों के टायर चुराने वाला गिरोह सक्रिय, एक महीने में 5 से अधिक गाड़ियों के टायर चोरी
Crime : नाहन शहर में पिछले एक महीने के दौरान पांच से अधिक गाड़ियों के टायर चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है। ताजा मामले में दिल्ली से रिश्तेदारी में नाहन पहुंचे राजेश कुमार की कार के चारों टायर हॉस्पिटल राउंड से चोरी कर लिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने की बात कही है।
नाहन
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में पिछले 1 महीने से गाड़ियों के टायर चुराने वाला गिरोह सक्रिय है। पिछले एक महीने में नाहन शहर में 5 से अधिक गाड़ियों के टायर चोरी हो गए हैं। टायर चोर गिरोह अधिकतर उन स्थानों पर खड़ी गाड़ियों के टायर चोरी कर रहे हैं, जहां पर लाइट या स्ट्रीट लाइट नहीं लगी हुई है। वीरवार रात व शुक्रवार मध्य रात्रि के बीच नाहन हॉस्पिटल ग्राउंड में पार्क की गई कार के चारों टायरों पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया। दिल्ली से नाहन रिश्तेदारी में पहुंचे राजेश कुमार ने अपने ससुराल के घर के ऊपर की तरफ हॉस्पिटल राउंड में गाड़ी खड़ी की थी। उनकी रिश्तेदारी में नए घर का गृह प्रवेश था। शुक्रवार दोपहर को जब वह गाड़ी से कुछ सामान लेने पहुंचे। तो वह एकदम पक्के-बक्के रह गए, कार के चारों टायर गायब थे। जिसकी सूचना राजेश कुमार ने अपने रिश्तेदारों को दी तथा उसके बाद पुलिस चौकी गुन्नू घाट में टायरों की चोरी की शिकायत दर्ज करवाई गई। करीब 5 दिन पहले कालाअंब पांवटा साहिब एनएच 07 पर नवोदय स्कूल के समीप चंडीगढ़ नंबर की एक गाड़ी खराब हुई। उसके भी चारों टायर चोर चुरा कर ले गए।
वही पिछले सप्ताह कार्मल स्कूल के समीप एक गाड़ी के टायर चोरी हुए। इससे पहले संस्कृत कॉलेज के समीप तथा मत्स्य विभाग के कार्यालय के समीप करीब 4 सप्ताह पहले दो गाड़ियों के टायर चोरी हो चुके हैं। आलम यह है कि एक महीने में नाहन शहर में पांच गाड़ियों के टायर चोरी हो चुके हैं। गौरतलब है कि नाहन शहर में लोग लंबे समय से पार्किंग की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। इसलिए लोगों को जब पार्किंग नहीं मिलती, तो लोग सड़कों के किनारे गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। टायर चोर गिरोह अधिकतर सिरमौर से बाहर के नंबर की गाड़ियों को अपना निशाना बना रहे हैं। उधर जब इस संदर्भ में जिला सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा से संपर्क किया गया। तो उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल राउंड से कार के टायर चोरी होने का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है, नाहन शहर में रात्रि ग्रस्त और बढ़ाई जाएगी।