Crime / हाईवे किनारे खड़ी कार के चारों टायर रिम सहित चोरी, शीशा भी तोड़ा; पुलिस ने तेज की जांच
Crime : नाहन में लगातार सामने आ रही टायर चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस से गिरोह का जल्द खुलासा करने की मांग उठ रही है। ताजा मामले में एनएच-07 किनारे खड़ी एक कार के चारों टायर रिम सहित चोरी कर लिए गए, जबकि वाहन का पिछला शीशा भी तोड़ दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच तेज कर दी है और पूरे गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने की बात कही है।
नाहन
जिला मुख्यालय नाहन में टायर चोर गिरोह की लगातार बढ़ती वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर में कुछ ही दिनों के भीतर टायर चोरी की एक के बाद एक घटनाएं सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।ताजा मामला नाहन-दोसड़का-जुड़ा का जोहड़ मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-07 के किनारे जंगल क्षेत्र का है। यहां चंडीगढ़ पंजीकरण संख्या की एक कार पिछले कई दिनों से लावारिस हालत में खड़ी थी। चोरों ने कार के चारों टायर रिम सहित निकाल लिए। इतना ही नहीं, वाहन का पिछला शीशा भी तोड़ दिया, जिससे कार को काफी नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि इससे दो दिन पहले दिल्ली पंजीकरण संख्या की एक अन्य कार के भी नाहन में टायर चोरी कर लिए गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है और लोग अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं।रविवार को सिरमौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वाहन का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जांच कर रही है तथा चोरी की वारदातों के बीच किसी संभावित संबंध की पड़ताल की जा रही है।एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि टायर चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।