Loading...

Crime : पांवटा साहिब में झगड़े में 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत, दो संदिग्ध हिरासत में

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 43 Mins Ago • 1 Min Read

Crime: पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक पर लड़ाई-झगड़े में घायल 54 वर्षीय भाव सिंह की मौत हो गई। घायल को एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया था, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

पांवटा साहिब

पुलिस को 18 अगस्त 2026 को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब से घटना की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान भाव सिंह पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत, डाकघर कोटी उतरउ, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। इस संबंध में पांवटा साहिब थाना में अभियोग संख्या 161/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज के आधार पर हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान मोहम्मद आमिर उर्फ फग्गु पुत्र मोहम्मद आरिफ, निवासी वार्ड नंबर नौ देवी नगर, पांवटा साहिब और रेखा उर्फ अन्नु पत्नी साहिल, निवासी वार्ड नंबर सात वाल्मीकि बस्ती, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। मोहम्मद आमिर की उम्र 21 वर्ष और रेखा की उम्र 29 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों की घटना में संलिप्तता सामने आई है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

Related Topics: