Crime / युवक की हत्या से भड़का आक्रोश, चंबा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम; तीन आरोपी गिरफ्तार
Crime : चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। हत्या का आरोप लगाते हुए लोगों ने चंबा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चंबा/चुराह
मृतक की पहचान हरविंद्र सिंह (25) पुत्र ऋषि सिंह निवासी गांव राख मलोगा, डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। रविवार सुबह चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर स्थित कल्हेल पुल के नीचे उसका शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की पहचान होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
तीन घंटे तक रहा चक्का जाम
आक्रोशित लोगों ने सुबह करीब 11 बजे चंबा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जो दोपहर लगभग 2 बजे तक जारी रहा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी तीसा अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।
चार घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई अल्टो कार (एचपी-44-4861) को भी कब्जे में लिया है। वाहन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।