Crime : शिमला के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली
Crime: शिमला के दो निजी स्कूलों को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने विद्यार्थियों की छुट्टी कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और बम स्क्वाड की टीमों ने स्कूल परिसरों में तलाशी शुरू की।
शिमला/शिमला
जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल कालीबाड़ी के समीप स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल को मिले। ई-मेल मिलने के बाद स्कूलों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत छुट्टी कर दी। सूचना मिलने पर अभिभावक भी अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए स्कूल पहुंच गए।
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने दोनों स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों की छुट्टी की गई है। पुलिस और बम स्क्वाड की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा दयानंद स्कूल और डीएवी स्कूल के पूरे परिसर की गहनता से तलाशी ली जा रही है।
