Loading...

Crime / जिला सिरमौर में मारपीट के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दर्ज किए केस, जांच प्रक्रिया जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime : 28 और 29 जून को जिला सिरमौर के शिलाई और पुरुवाला थाना क्षेत्रों में मारपीट एवं आपसी विवाद से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार सभी मामलों में संबंधित पक्षों के आरोपों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई है तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमानुसार जांच जारी है।

सिरमौर

शिलाई में भूमि विवाद के दौरान मारपीट का मामला दर्ज

पुलिस थाना शिलाई में 28 जून 2026 को अशोक कुमार निवासी शिलाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, शिलाई धार क्षेत्र में स्थित उनकी भूमि में से एक बिस्वा जमीन पूर्व में उनके पिता द्वारा कुन्दन सिंह को बेची गई थी। आरोप है कि 28 जून को जब शिकायतकर्ता अपने चचेरे भाइयों सुरेश और देवेन्द्र के साथ उक्त भूमि के पास पहुंचकर कुन्दन सिंह से बातचीत कर रहा था, तब कुन्दन सिंह, उसकी पत्नी, बेटी रजनी और बेटे रविन्द्र ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है तथा घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

दूसरी शिकायत में मारपीट, घर में प्रवेश और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप

इसी दिन पुलिस थाना शिलाई में रजनी निवासी गांव डाबरा, डाकघर शिल्ला, तहसील कमरऊ की शिकायत पर एक अन्य मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने मायके में सीढ़ियों पर बैठी थी, तभी देवेन्द्र, रमेश प्रधान और अन्य लोगों ने कथित रूप से उसे जबरन खींचकर धक्का दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोगों ने उसके माता-पिता और भाई के साथ मारपीट की, घर के भीतर प्रवेश किया तथा उसके पिता के सिर पर ईंट से वार किया। साथ ही सीढ़ियों को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुरुवाला में रास्ता रोककर दंपति से मारपीट का मामला

29 जून 2026 को पुलिस थाना पुरुवाला में हरप्रीत सिंह निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, वह अपनी पत्नी गुरविन्द्र कौर के साथ रात करीब 9:15 बजे रामपुरघाट से पंजाब लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गुरमन सिंह और देविन्द्र सिंह ने उनका रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मारपीट के दौरान गुरमन सिंह ने हाथ में पहने कड़े से गुरविन्द्र कौर के सिर पर वार किया, जिससे उन्हें चोट आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपों की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Topics: