Loading...

Crime / सुंदरनगर में बेटे ने डंडे से हमला कर मां की हत्या की, पिता घायल ; आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 22 Jun 2026 • 1 Min Read

Crime : मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र के गहरी गांव में घरेलू विवाद के दौरान 40 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर डंडे से हमला कर अपनी मां पार्वती देवी की हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए पिता फागनु राम गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी बेटे खेमा राम को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

सुंदरनगर

पुलिस के अनुसार घटना रविवार रात करीब 10 बजे गहरी गांव में हुई। बताया गया कि 61 वर्षीय फागनु राम और उनके 40 वर्षीय बेटे खेमा राम के बीच शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर खेमा राम ने कथित रूप से डंडे से अपने पिता पर हमला कर दिया। इसी दौरान 55 वर्षीय पार्वती देवी बीच-बचाव के लिए आईं तो आरोपी ने उन पर भी वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से पार्वती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फागनु राम घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की सूचना रात करीब 11 बजे बीएसएल थाना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल फागनु राम को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी खेमा राम को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

परिवार गांव में आया था, जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका पार्वती देवी शिमला में सरकारी कर्मचारी थीं। परिवार का मुख्य निवास शिमला में है, लेकिन वे इन दिनों मक्की की बिजाई के लिए अपने पैतृक गांव गहरी आए हुए थे। घटना के समय फागनु राम घर में रह रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के कारणों की औपचारिक पुष्टि की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Topics: