Loading...

Crime / स्कूल में सेंधमारी कर मिड-डे मील से खिचड़ी पकाई, बर्तन और गैस बर्नर भी ले गए चोर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime : शिमला के शिवपुरी स्थित एक सरकारी स्कूल में चोरी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। चोरों ने स्कूल में सेंधमारी करने के बाद बच्चों के मिड-डे मील के राशन से खिचड़ी पकाकर खाई और इसके बाद स्कूल की रसोई से बर्तन तथा अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिमला

जानकारी के अनुसार यह घटना सरकारी अवकाश के दौरान हुई, जब स्कूल बंद था। इसी दौरान चोर स्कूल परिसर में दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने स्कूल रसोई में गैस जलाकर बच्चों के मिड-डे मील के लिए रखे गए राशन से खिचड़ी तैयार की और भोजन करने के बाद रसोई में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।

रसोई से कई सामान चोरी

चोर स्कूल से 3 थालियां, 2 पतीले, 1 डिनर सेट, गैस बर्नर और 1 कढ़ाई अपने साथ ले गए। अगले दिन जब स्कूल स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा तो रसोई में जूठे बर्तन और सामान गायब देखकर घटना का पता चला। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर छोटा शिमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। खलीनी स्कूल के प्रिंसिपल एवं क्लस्टर हेड अजय वशिष्ठ ने भी शिवपुरी स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Related Topics: