Loading...

Crime / ऊना के समनाल में वाहन टक्कर के बाद विवाद, दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस केस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime : समनाल बाजार में दो वाहनों की टक्कर के बाद हुए विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, हमला और अन्य आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

ऊना

वाहनों की टक्कर के बाद हुआ विवाद

हरोली थाना क्षेत्र के समनाल बाजार में दो वाहनों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक पक्ष ने मारपीट और धारदार हथियार से हमले का लगाया आरोप

पुलिस को दी शिकायत में इंद्र सिंह निवासी हरोली ने बताया कि वह अपने भाई जगदीप सिंह के साथ कार से घर लौट रहे थे। समनाल बाजार में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के दौरान एक छोटे हाथी वाहन ने उनकी कार के पिछले हिस्से को हल्की टक्कर मार दी, जिससे वाहन पर खरोंचें आईं। शिकायत के अनुसार पहले चालक से कहासुनी हुई, जिसने बाद में अपनी गलती स्वीकार कर वहां से चला गया। आरोप है कि कुछ समय बाद समनाल निवासी राजू अपने चालक के साथ मौके पर पहुंचा और विवाद के दौरान दोनों ने मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि राजू ने किसी तेजधार हथियार से हमला किया, जिससे इंद्र सिंह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरोली ले जाया गया।

दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत

दूसरी ओर, प्रिंस कुमार निवासी धर्मपुर की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार समनाल चौक पर खड़ी उनकी गाड़ी को इंद्र सिंह की कार ने टक्कर मारी, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप लगाया गया है कि इंद्र सिंह, उनके भाई जगदीप सिंह और एक अन्य व्यक्ति ने गुरेंद्र सिंह के साथ मारपीट की तथा किसी नुकीली वस्तु से उसके सिर पर हमला किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रिंस कुमार के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस सभी तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics: