CWC / स्कूली छात्र आत्महत्या मामले में बाल विकास समिति ने मांगी स्टेटस रिपोर्ट
CWC : जिला कांगड़ा बाल विकास समिति (सीडब्ल्यूसी) ने खुंडियां थाना क्षेत्र के तहत 14 वर्षीय स्कूली छात्र की कथित उत्पीड़न के बाद हुई आत्महत्या के मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। समिति ने पुलिस थाना खुंडियां से प्रारंभिक जांच की स्टेटस रिपोर्ट तलब करते हुए मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
धर्मशाला
जिला कांगड़ा बाल विकास समिति के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि विभिन्न समाचार माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों संगीता गौतम, विजय कुमार, विकास और नरेशठा कुमारी ने मामले पर विस्तार से चर्चा की और पुलिस से प्रारंभिक जांच की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद समिति नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेगी।
लोअर सुनहेत स्थित स्कूल का मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय छात्र ने देहरा उपमंडल के लोअर सुनहेत स्थित स्कूल एवं हॉस्टल में कथित उत्पीड़न के चलते आत्महत्या की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की है, ताकि तथ्यों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
पुलिस पहले ही दर्ज कर चुकी है मामला
विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस ने मृतक छात्र के परिजनों की शिकायत पर लोअर सुनहेत स्थित स्कूल के एमडी, प्रिंसिपल, हॉस्टल वार्डन और स्कूल बस चालक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समिति ने कहा कि मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
