Loading...

Cyber Fraud / फेसबुक पर ट्रेडिंग ऐप से रकम दोगुनी करने का झांसा, कुमारसैन के व्यक्ति से 7.82 लाख रुपये की ठगी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Aug 2026 • 1 Min Read

Cyber Fraud / शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। फेसबुक पर ट्रेडिंग ऐप के जरिए कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 7.82 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिमला/कुमारसैन

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सुनील मेहता निवासी गांव कवानू, तहसील कुमारसैन ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि फेसबुक पर उन्हें एक ट्रेडिंग ऐप का विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें निवेश की गई राशि को कम समय में दोगुना करने का दावा किया गया था। इस पर भरोसा करते हुए उन्होंने अलग-अलग किस्तों में कुल 7.82 लाख रुपये निवेश कर दिए।

निवेश के बाद नहीं मिला पैसा

शिकायतकर्ता के अनुसार निवेश के बाद न तो उन्हें किसी प्रकार का मुनाफा मिला और न ही उनकी जमा की गई राशि वापस की गई। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि पहले यह मामला साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला में जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज किया गया था। बाद में क्षेत्राधिकार के आधार पर इसे आगे की जांच के लिए कुमारसैन थाना भेज दिया गया।

बिना सत्यापन निवेश से बचने की सलाह

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले ट्रेडिंग, निवेश या कम समय में अधिक मुनाफा देने वाले किसी भी प्रस्ताव पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराएं।

Related Topics: