ददाहू ब्लॉक समिति के पहले अध्यक्ष बने क्षमादत्त शर्मा, रक्षा नेगी उपाध्यक्ष निर्वाचित
ददाहू विकास खंड की नवगठित ब्लॉक समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए गुरुवार को बीडीओ कार्यालय ददाहू में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। मतदान में सभी 15 निर्वाचित बीडीसी सदस्यों ने भाग लिया। चुनाव परिणामों में क्षमादत्त शर्मा अध्यक्ष तथा रक्षा नेगी उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए, जिसके साथ ब्लॉक समिति के नए नेतृत्व का गठन हो गया।
ददाहू
विकास खंड ददाहू की नवगठित ब्लॉक समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव गुरुवार को बीडीओ कार्यालय ददाहू में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में सभी 15 निर्वाचित बीडीसी सदस्यों ने भाग लिया।अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित क्षमादत्त शर्मा और भाजपा समर्थित कुलदीप के बीच मुकाबला हुआ। मतदान में क्षमादत्त शर्मा को 9 मत प्राप्त हुए, जबकि कुलदीप को 6 मत मिले। इसके साथ ही क्षमादत्त शर्मा ददाहू ब्लॉक समिति के पहले अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए रक्षा नेगी और मनीत के बीच हुए चुनाव में रक्षा नेगी को 10 तथा मनीत को 5 मत प्राप्त हुए। इसके बाद रक्षा नेगी को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।ददाहू ब्लॉक समिति की दोनों शीर्ष कुर्सियों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत को रेणुका क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह रही कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं रेणुका विधायक विनय कुमार के गृह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद अपने नाम किए।
तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर ने परिणामों की घोषणा करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी तथा क्षेत्र के विकास कार्यों में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।इस अवसर पर विनय कुमार ने कहा कि ददाहू विकास खंड कार्यालय कांग्रेस सरकार की देन है और यह गर्व की बात है कि यहां की पहली ब्लॉक समिति का नेतृत्व कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधियों को मिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी इलाकों में समान विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।नवनिर्वाचित अध्यक्ष क्षमादत्त शर्मा ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया जाएगा तथा ब्लॉक क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।