राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में एनसीसी कैडेट्स को दी गई विदाई
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में एनसीसी विंग द्वारा वरिष्ठ कैडेट्स के सम्मान में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जूनियर कैडेट्स ने अपने सीनियर्स को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न सम्मान समारोहों ने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप मंडल घनारी के अंतर्गत आने वाले राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में सोमवार को एनसीसी विंग द्वारा वरिष्ठ एनसीसी कैडेट्स के सम्मान में भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जूनियर कैडेट्स ने अपने सीनियर साथियों को विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने रिबन काटकर तथा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनसीसी के केयरटेकर प्रोफेसर अर्श राणा ने की।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। गीत-संगीत, नृत्य एवं मनोरंजक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और पूरे समारोह में उत्साह का माहौल बना रहा।अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने कैडेट्स को अनुशासन, समर्पण एवं देशसेवा की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति को मजबूत करने का सशक्त मंच है।
एनसीसी केयरटेकर अरश सिंह राणा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडे ट अनमोल राणा “मिस्टर फेयरवेल” तथा श्रुति को “मिस फेयरवेल” के खिताब से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, निर्मल सिंह को ‘मिस्टर पर्सनैलिटी’ और अमन भारद्वाज को ‘मिस्टर हैंडसम’ का खिताब दिया गया।” समारोह में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।