दौलतपुर के नंगल जरियाला विद्यालय में आग से बचाव को लेकर एक प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ आयोजन
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नंगल जरियालां में आग से बचाव एवं नियंत्रण को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई और फायर एक्सटिंग्विशर का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया।
ऊना
उप-मंडल घनारी के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नंगल जरियालां में शनिवार को आग से बचाव एवं नियंत्रण को लेकर एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विशेषज्ञ के तौर पर शिव कुमार उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ शिव कुमार ने विद्यालय के कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा मिड-डे मील (एमडीएम) से जुड़े कर्मचारियों को आग लग जाने की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक कदमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेते हुए प्रारंभिक स्तर पर ही आग पर काबू पाया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया, जिससे उपस्थित लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
प्रधानाचार्य रमेश कुमार ने बताया कि बढ़ती गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए। इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में विद्यार्थी स्वयं को और अपने आसपास के लोगों को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।इस अवसर पर विजय ठाकुर, संदीप लट्ठ, अशोक कुमार, धीरज दत्त शर्मा, राजीव कुमार, डॉ० सुशील जरियाल, सतनाम परमार, दविंदर कुमार, सतीश कुमार, रणजोध परमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।