डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में सस्टेनेबिलिटी और वेस्ट मैनेजमेंट पर जागरूकता सत्र आयोजित
राजगढ़ स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में विप्रो अर्थियन कार्यक्रम के तहत सस्टेनेबिलिटी एवं वेस्ट मैनेजमेंट विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विद्यालय में उत्पन्न होने वाले विभिन्न प्रकार के अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
राजगढ़
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आशीष पलियाल ने विद्यार्थियों को बताया कि विद्यालय स्तर पर छोटे-छोटे प्रयासों और सामूहिक सहभागिता से वेस्ट मैनेजमेंट को प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कई व्यवहारिक और रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी, जिन्हें विद्यालय परिसर में लागू किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का परिचय देने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा भी प्रदर्शित कर सकेंगे।
प्रधानाचार्य ने सतत विकास अपनाने का दिया संदेश
विद्यालय के प्रधानाचार्य चंदेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने और सतत विकास की सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि विप्रो अर्थियन जैसे राष्ट्रीय मंच से जुड़कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक कार्य करने का अवसर मिल रहा है।
विद्यार्थी तैयार करेंगे वेस्ट मैनेजमेंट रिपोर्ट
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी विद्यालय में वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित गतिविधियों का अध्ययन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में शिक्षिका लक्ष्मी चौहान और शिक्षक विशाल विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने आशीष पलियाल का प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया, जबकि विद्यार्थियों ने विद्यालय को स्वच्छ, हरित और सतत विकास का आदर्श मॉडल बनाने का संकल्प लिया।