देहरा के मेन चौक से सिविल सप्लाई गोदाम तक सड़क बनी नो-पार्किंग जोन
देहरा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए मेन चौक से सिविल सप्लाई गोदाम तक की सड़क को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित वाहनों को टो भी किया जा सकता है।
देहरा
उपायुक्त ने बताया कि सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जाने के कारण क्षेत्र में बार-बार यातायात जाम की स्थिति बन रही थी। पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा, स्कूली बच्चों की आवाजाही, सब-डिविजनल आयुर्वेदिक अस्पताल तक सुगम पहुंच और आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही को ध्यान में रखते हुए मेन चौक से सिविल सप्लाई गोदाम तक नो-पार्किंग व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है।
लोक निर्माण विभाग को संबंधित सड़क मार्ग पर नो-पार्किंग जोन के साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन से अधिसूचना के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। उपायुक्त के अनुसार, निर्धारित क्षेत्र में वाहन खड़े कर नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई होगी। आवश्यकता पड़ने पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे वाहनों को टो किया जा सकेगा।