देहरादून चलो का आह्वान, 10 जुलाई को जिलाधिकारी कार्यालय का होगा घेराव
राज्य आंदोलनकारियों ने चिन्हीकरण और नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण की मांग को लेकर 10 जुलाई को देहरादून जिलाधिकारी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। धीरेंद्र प्रताप ने प्रदेशभर के आंदोलनकारियों से “देहरादून चलो” अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।
देहरादून
चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक एवं उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने राज्यभर के आंदोलनकारियों से 10 जुलाई को “देहरादून चलो” का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष जगमोहन नेगी के नेतृत्व में आंदोलनकारी देहरादून जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि देहरादून के सैकड़ों राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण तथा नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण के लाभ को लेकर लंबे समय से मांग उठाई जा रही है, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि जिलाधिकारी आशीष चौहान लगातार केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनकी जिलाधिकारी से दो-तीन बार बातचीत भी हो चुकी है। उन्होंने स्वीकार किया कि पौड़ी में जिलाधिकारी ने बेहतर कार्य किया था, लेकिन देहरादून में राज्य आंदोलनकारियों के मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से आंदोलनकारियों में भारी रोष है।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर के राज्य आंदोलनकारियों से अधिक से अधिक संख्या में 10 जुलाई को देहरादून पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
