छोटे भाई को बचाने खड्ड में कूदा बड़ा भाई, दोनों की दर्दनाक मौत
Himachalnow / सिरमौर
देवामानल गांव में बकरियां चराने गए दो सगे भाइयों की खड्ड में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। छोटे भाई को बचाने के लिए बड़ा भाई भी पानी में कूद गया, लेकिन दोनों बहाव में फंस गए और उनकी जान नहीं बच सकी।
संगड़ाह
जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह की नौहराधार तहसील अंतर्गत देवामानल गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। बकरियां चराने गए दो सगे भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार 8 वर्षीय आयन और उसका 9 वर्षीय बड़ा भाई अभिनव गांव के समीप जंगल में बकरियां और बैल चराने गए थे। इसी दौरान खेलते समय छोटे भाई आयन का पैर फिसल गया और वह खड्ड में जा गिरा।
छोटे भाई को पानी में डूबता देख बड़े भाई अभिनव ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए खड्ड में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि अभिनव बोलने और सुनने में असमर्थ था, जिसके चलते वह मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा सका।स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बच्चे पानी के तेज बहाव में फंस गए। जब तक उनके पिता मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों भाई खड्ड की चपेट में आ चुके थे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस थाना संगड़ाह की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ अस्पताल भेजे गए हैं।उधर, एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तहसीलदार नौहराधार को प्रभावित परिवार को फौरी राहत राशि जारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं।उन्होंने लोगों से बारिश के मौसम में नदी-नालों और खड्डों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की।मासूम भाइयों की इस दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।