देवनी में युवा नेतृत्व की दस्तक, विकास के विजन के साथ मैदान में उतरे रोहित शर्मा
Himachalnow / नाहन
देवनी पंचायत चुनावों में युवा नेतृत्व के रूप में रोहित शर्मा ने प्रधान पद के लिए चुनावी मैदान में एंट्री की है। उन्होंने ईमानदार नेतृत्व और विकास के विजन के साथ पंचायत को आदर्श और आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है। रोजगार, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक पर आधारित उनका रोडमैप ग्रामीणों के बीच नई उम्मीद और चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
नाहन/देवनी
पंचायत चुनावों की आहट के साथ देवनी पंचायत में सियासी माहौल गर्माने लगा है। इसी बीच युवा चेहरा और समाजसेवी रोहित शर्मा ने प्रधान पद के लिए दमदार तरीके से ताल ठोकते हुए चुनावी मैदान में एंट्री कर ली है। “ईमानदार नेतृत्व, पंचायत का विकास” के नारे के साथ उतरे रोहित शर्मा ने खुद को पारंपरिक राजनीति से अलग एक विजनरी उम्मीदवार के रूप में पेश किया है।रोहित शर्मा का फोकस सिर्फ चुनाव जीतने तक सीमित नहीं, बल्कि देवनी पंचायत को एक आदर्श और आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित करना है। जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने साफ कहा कि पंचायत की राजनीति को अब विकास और परिणाम आधारित बनाना जरूरी है।
उन्होंने पंचायत के लिए पांच प्रमुख संकल्प सामने रखे हैं, जिनमें स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, हर घर तक सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार और सबसे अहम—रोजगार के अवसर पैदा करना शामिल है।रोहित शर्मा की सबसे बड़ी ताकत उनका रोजगार मॉडल माना जा रहा है। खुद एक बड़ी फार्मा कंपनी में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत होने के कारण उन्हें उद्योग और रोजगार की जमीनी समझ है। यही वजह है कि उन्होंने पहले भी कई युवाओं को स्थानीय उद्योगों में रोजगार दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
उनका कहना है कि पंचायत की आय बढ़ाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे युवाओं का पलायन रोका जा सके।आधुनिक सोच के साथ रोहित शर्मा ने पंचायत को डिजिटल बनाने का भी विजन रखा है। उनकी योजना में पंचायत स्तर पर ई-सेवा केंद्र खोलना, सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट लगाना और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करना शामिल है। उनका मानना है कि तकनीक के इस्तेमाल से पंचायत में पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ाई जा सकती हैं।
ग्रामीणों के बीच संवाद करते हुए रोहित शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य हर परिवार को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना और पंचायत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि एक सही निर्णय देवनी के भविष्य को नई दिशा दे सकता है।देवनी पंचायत में रोहित शर्मा को मिल रहा बढ़ता जनसमर्थन चुनावी मुकाबले को रोचक बना रहा है। युवा नेतृत्व, रोजगार पर फोकस और आधुनिक सोच के साथ उनका यह विजन ग्रामीणों के बीच नई उम्मीद जगा रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि देवनी की जनता इस बदलाव के एजेंडे को कितना समर्थन देती है।