Loading...

मनाली फोरलेन की दयोड़-हणोगी सुरंगें सोमवार से खुलेंगी, मंडी-कुल्लू यात्रा में बचेंगे 20 मिनट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 19 Hours Ago • 1 Min Read

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर पंडोह और औट के बीच बनी दयोड़ और हणोगी की चार सुरंगें सोमवार से ट्रायल रन के लिए खोल दी जाएंगी। इन सुरंगों से वाहनों की आवाजाही शुरू होने पर मंडी से कुल्लू का सफर करीब 20 मिनट कम होकर लगभग एक घंटे का रह जाएगा। यात्रियों को पुराने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के खतरनाक मोड़ों, बार-बार लगने वाले जाम और भूस्खलन के जोखिम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

मंडी

एनएचएआई और सुरक्षा समिति के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों तथा निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद रविवार को सुरंगों में यातायात शुरू करने की औपचारिक स्वीकृति दी। दयोड़ की दो और हणोगी की दो सुरंगों की कुल लंबाई करीब 3700 मीटर बताई गई है। इनके खुलने से फोरलेन का कठिन माना जाने वाला दयोड़-हणोगी हिस्सा कम समय में पार किया जा सकेगा। पुराने मार्ग पर यात्रियों को करीब साढ़े पांच किलोमीटर का मोड़दार सफर तय करना पड़ता था।

जाम और भूस्खलन के जोखिम से राहत

नए मार्ग से मंडी, पंडोह और औट के बीच यात्रा अधिक सीधी और सुगम हो जाएगी। हणोगी माता मंदिर के पास पुराने तंग मार्ग पर यातायात जाम की समस्या रहती थी और यह क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से भी संवेदनशील माना जाता है। सुरंगों में आवाजाही शुरू होने से स्थानीय निवासियों, टैक्सी संचालकों और पर्यटकों को राहत मिलेगी। चारों सुरंगों में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे, वेंटिलेशन और आपातकालीन निकास की व्यवस्था की गई है।

हणोगी की सुरंगों में दरारें आने के कारण दयोड़ की सुरंगों को भी पहले शुरू नहीं किया जा सका था। करीब एक महीने तक हणोगी सुरंगों की मरम्मत का काम किया गया। एनएचएआई मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी के अनुसार, निरीक्षण के बाद दयोड़ और हणोगी की सुरंगों को सोमवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जा रहा है। इनके शुरू होने से मंडी से कुल्लू पहुंचने में करीब 20 मिनट कम लगेंगे और पुराने मार्ग पर निर्भरता घटेगी।