क्षतिग्रस्त ट्रैक के बीच धर्मपुर-शिमला रेल सेवा शुरू, सुबह 7:50 बजे रवाना हुई ट्रेन
कालका-शिमला रेल मार्ग पर गुम्मा के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से कालका और शिमला के बीच ट्रेन सेवा प्रभावित है। इस बीच शुक्रवार सुबह धर्मपुर से शिमला के लिए यात्री ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया गया। ट्रेन ठीक 7:50 बजे धर्मपुर रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर रवाना हुई। इससे स्थानीय यात्रियों के साथ बाहरी राज्यों से शिमला जाने वाले पर्यटकों को भी राहत मिली है।
सोलन/धर्मपुर
शुक्रवार सुबह ट्रेन के धर्मपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों ने शिमला के लिए अपना सफर शुरू किया। कई यात्रियों ने पहले ही ऑनलाइन बुकिंग करवा रखी थी। धर्मपुर से शिमला के लिए ट्रेन सेवा शुरू होने की जानकारी मिलने पर यात्री निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंच गए थे। गुम्मा के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के बावजूद धर्मपुर और शिमला के बीच रेल संपर्क उपलब्ध होने से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सुविधा मिली है।
तकनीकी जांच के बाद रवाना की गई ट्रेन
धर्मपुर से ट्रेन संचालन शुरू करने के लिए रेलवे विभाग ने वीरवार शाम से तैयारियां आरंभ कर दी थीं। शिमला से धर्मपुर पहुंची ट्रेन के इंजन में डीजल भरा गया। इसके बाद कालका से पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन की तकनीकी स्थिति और रखरखाव संबंधी जांच की। कर्मचारियों ने जरूरी हिस्सों का निरीक्षण कर ट्रेन को संचालन के लिए तैयार किया। सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद शुक्रवार सुबह ट्रेन को यात्रियों के साथ शिमला के लिए रवाना किया गया।