Loading...

15-20 दिन में सड़कें नहीं सुधरीं तो होगा आंदोलन, धौलाकुआं क्षेत्र के ग्रामीणों ने दी चेतावनी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 5 Hours Ago • 1 Min Read

धौलाकुआं क्षेत्र की रामपुर भारापुर पंचायत के करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने बदहाल सड़कों की जल्द मरम्मत की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 से 20 दिनों के भीतर सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। खराब सड़कों के कारण आवागमन, आपातकालीन सेवाओं और दैनिक जीवन पर गंभीर असर पड़ने की बात भी ग्रामीणों ने कही है।

नाहन

जिला सिरमौर के धौलाकुआं क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के करीब एक दर्जन गांवों के लोग वर्षों से खस्ताहाल सड़कों की समस्या झेल रहे हैं। बरसात के मौसम में सड़कें और अधिक जर्जर हो गई हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।

जिला परिषद सदस्य भगवान दास और ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के प्रधान रजनीश चौधरी ने कहा कि पंचायत के करीब एक दर्जन गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन इन सड़कों से होकर गुजरते हैं। कई बार लोक निर्माण विभाग से सड़क सुधार की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की उदासीनता के कारण लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि तय समय के भीतर सड़कें नहीं सुधरीं तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गर्मियों में धूल और बरसात में कीचड़ व गहरे गड्ढों के कारण सड़कें जानलेवा बन चुकी हैं। बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाना मुश्किल हो गया है, जबकि पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क होने के कारण कई बार एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पाते, जिससे लोगों को पैदल मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है।ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि क्षेत्र की बदहाल सड़कों की तत्काल मरम्मत कर लोगों को राहत प्रदान की जाए, ताकि ग्रामीणों को रोजाना की इस परेशानी से निजात मिल सके।