Disaster Management / चौकीमन्यार महाविद्यालय में राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल, आपदा निकासी अभ्यास का सफल आयोजन
Disaster Management : राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में 10वें राज्य स्तरीय मेगा मॉक अभ्यास के तहत आपदा प्रबंधन क्लब द्वारा विशेष आपदा निकासी मॉक ड्रिल और हेड काउंट अभ्यास का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने भाग लेकर आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी और आपातकालीन प्रबंधन की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप-तहसील जोल और ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत स्थित राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आकस्मिक आपदा की स्थिति में भवन से सुरक्षित, व्यवस्थित और त्वरित निकासी सुनिश्चित करना था। साथ ही कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
स्मार्ट रूम से शुरू हुआ अभ्यास
मॉक ड्रिल की शुरुआत महाविद्यालय के स्मार्ट रूम में हुई, जहां सभी शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारी एकत्रित हुए। इस दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देशों और आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। निर्धारित आपदा संकेत मिलते ही पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार पूरे भवन को व्यवस्थित ढंग से खाली कराया गया।
मुख्य खेल मैदान में किया गया हेड काउंट
निकासी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी कर्मचारी महाविद्यालय के मुख्य खेल मैदान में एकत्रित हुए। यहां प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा के नेतृत्व में हेड काउंट किया गया। इस प्रक्रिया के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि आपदा की स्थिति में सभी व्यक्तियों की सुरक्षित निकासी हो चुकी है और कोई भी व्यक्ति भवन के भीतर नहीं रह गया है।
इस अवसर पर प्रो. कविता कौशल, डॉ. राम कुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा सहित अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने कहा कि ऐसे अभ्यास आपदा के समय घबराहट को कम करने, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने और सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।