Loading...

दिवाली की रात आतिशबाजी को लेकर खूनी संघर्ष, पति-पत्नी की मौत, दो गंभीर घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Mins Ago • 1 Min Read

पटाखा पड़ोसी के घर में गिरने से शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदला, पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किए गए घायल; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

ऊना। जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बडोली में दिवाली की रात खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब आतिशबाजी को लेकर दो परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस हिंसक झड़प में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11 बजे की है। दोनों परिवार दिवाली का त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान एक परिवार की ओर से की जा रही आतिशबाजी का पटाखा पड़ोस के घर में जा गिरा। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। संघर्ष में पति-पत्नी की जान चली गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने एहतियातन घटनास्थल के आसपास के रास्तों को सील कर दिया। वहीं, वारदात से जुड़ी थार गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक पति-पत्नी के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजे गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मशाला से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि खूनी संघर्ष के पीछे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। दिवाली की रात हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना को लेकर स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी परमजीत और गोल्डी के बयान भी सामने आने हैं।

Related Topics: • •