डुमखर-मटियाणा पुल के लिए छह परिवारों ने किया भूमि दान, चिल्ली के एक परिवार ने भी दिया सहयोग
उप मंडल बंगाणा के अंतर्गत आने वाले डुमखर-मटियाणा पुल के निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पुल निर्माण के लिए मटियाणा गांव के छह परिवारों ने अपनी भूमि दान करने की सहमति देकर जनहित और क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। वहीं, चिल्ली गांव के एक परिवार ने भी पुल निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाने में सहयोग किया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।
भूमि दान करने वाले परिवारों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा का आभार व्यक्त किया है। परिवारों का कहना है कि डुमखर-मटियाणा पुल क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग है। पुल के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के गांवों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा और लोगों का समय व दूरी दोनों बचेंगे।
परिवारों ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र के व्यापक हित और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए अपनी भूमि उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। उनका मानना है कि किसी भी विकास कार्य की सफलता में स्थानीय लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और पुल निर्माण के लिए भूमि दान करना इसी भावना का हिस्सा है।
भूमि दान करने वाले परिवारों ने उम्मीद जताई कि सरकार और संबंधित विभाग इस परियोजना को जल्द धरातल पर उतारेंगे तथा पुल का निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से निजात मिलेगी और विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
स्थानीय परिवारों के इस सहयोग को क्षेत्र के विकास के लिए एक सकारात्मक और सराहनीय पहल माना जा रहा है। जनहित में भूमि उपलब्ध करवाने के निर्णय से डुमखर-मटियाणा पुल के निर्माण की राह और अधिक आसान होने की उम्मीद है।