Earthquake / शिमला में महसूस हुए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.2 रही तीव्रता

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 31 Oct 2025, 1:16 PM | Updated: 31 Oct 2025, 1:17 PM 1 min read

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 दर्ज की गई और केंद्र जमीन की सतह से लगभग 10 किलोमीटर गहराई में स्थित रहा। राहत की बात यह रही कि किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

शिमला

सुबह 7:02 बजे हिली धरती, नहीं हुआ नुकसान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, भूकंप सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर आया। इसका केंद्र 31.76 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.83 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। हल्की तीव्रता होने के कारण इसका असर सीमित दायरे में महसूस किया गया। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी पुष्टि की कि भूकंप से किसी क्षेत्र में जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

जानिए क्यों आते हैं भूकंप
धरती चार परतों — इनर कोर, आउटर कोर, मैनटल और क्रस्ट — से बनी होती है। क्रस्ट और ऊपरी मैन्टल को मिलाकर बनी परत को लिथोस्फेयर कहते हैं, जो कई टैकटोनिक प्लेटों में बंटी होती है। जब ये प्लेटें आपस में टकराती या खिसकती हैं, तो धरती की सतह पर कंपन महसूस होता है, जिसे हम भूकंप कहते हैं।

भूकंप के केंद्र और तीव्रता का मतलब
भूकंप का केंद्र वह स्थान होता है जिसके ठीक नीचे धरती की प्लेटों में हलचल होती है। वहीं सबसे अधिक प्रभाव उसी क्षेत्र में पड़ता है। रिक्टर स्केल पर 7 या उससे अधिक तीव्रता वाला भूकंप आसपास के 40 किमी क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचा सकता है, जबकि शिमला में आज का भूकंप मामूली तीव्रता का था।

लगातार आ रहे हैं हल्के झटके
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में हिमाचल के विभिन्न इलाकों में हल्के भूकंप दर्ज किए गए हैं। हालांकि, इनमें किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। विशेषज्ञों ने लोगों से अफवाहों से बचने और सजग रहने की सलाह दी है।