Election / बनाहा धीनी में चुनावी गड़बड़ी से बवाल, प्रधान-उपप्रधान के बॉक्स बदलने पर फूटा जनाक्रोश
Election : बनाहा धीनी पंचायत में प्रधान और उपप्रधान की मतपेटियां बदलने के मामले ने देर रात तक हंगामे की स्थिति पैदा कर दी। परिणामों में देरी के बाद लोगों ने प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद सभी बॉक्स सील कर दिए गए।
नाहन
जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की बनाहा धीनी पंचायत में चुनाव प्रक्रिया के दौरान सामने आई बड़ी प्रशासनिक चूक ने देर रात तक हंगामे की स्थिति पैदा कर दी। पोलिंग पार्टी की कथित लापरवाही के कारण प्रधान और उपप्रधान के मतपेटी बॉक्स जिला परिषद तथा बीडीसी के बॉक्सों के साथ बदल गए, जिसके चलते पंचायत के चुनाव परिणामों पर असमंजस की स्थिति बन गई।
मंगलवार शाम से परिणामों का इंतजार कर रहे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को जब देर रात तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं मिली, तो लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी। रात करीब सात बजे से शुरू हुआ इंतजार दस बजे तक भी समाप्त नहीं हुआ। इसके बाद समर्थकों ने अधिकारियों से परिणामों में देरी का कारण पूछा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पोलिंग पार्टी से जुड़े कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि प्रधान और उपप्रधान के मतपेटी बॉक्स गलती से बीडीसी और जिला परिषद के बॉक्सों के साथ बदल गए हैं।
जानकारी के अनुसार प्रधान और उपप्रधान के बॉक्स सराहां स्थित स्ट्रांग रूम में जमा हो गए, जबकि जिला परिषद और बीडीसी के बॉक्स बनाहा धीनी पंचायत कार्यालय पहुंच गए। इस खुलासे के बाद पंचायत परिसर में माहौल अचानक गर्म हो गया और लोगों ने राज्य निर्वाचन आयोग तथा जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा और प्रशासन के खिलाफ लोगों में भारी रोष देखने को मिला।
करीब दस बजे तहसीलदार पच्छाद मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। इसके बाद करीब ग्यारह बजे एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पंचायत से संबंधित वार्ड सदस्यों सहित वहां मौजूद सभी मतपेटियों को तत्काल सील करवाया और पूरे मामले की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा को दी।सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन और खंड विकास कार्यालय द्वारा पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी गई है। अब आयोग के निर्देश के बाद ही बनाहा धीनी पंचायत के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
अंतिम चरण में एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने बताया कि प्रधान और उपप्रधान के बॉक्स बीडीसी तथा जिला परिषद के बॉक्सों से बदलने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर सभी बॉक्स सील कर दिए गए हैं। पूरे मामले से जिला निर्वाचन अधिकारी और राज्य निर्वाचन आयोग को अवगत करा दिया गया है तथा आगामी निर्देश मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।