Loading...

Election / हिमाचल पंचायत चुनाव: दूसरे चरण के चुनाव में 11 बजे तक 43.56% मतदान, सिरमौर सबसे आगे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 28 May 2026 • 1 Min Read

Election : हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह 11 बजे तक प्रदेश में 43.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक रही। मतदान प्रतिशत में सिरमौर जिला सबसे आगे रहा जबकि कई ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

शिमला

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही ग्रामीण इलाकों के मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं और 11 बजे तक प्रदेश में कुल 43.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान 7,52,967 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 3,50,859 पुरुष और 4,02,105 महिला मतदाता शामिल रहे।

चुनाव में महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक बनी हुई है। प्रदेशभर में कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की कतारें पुरुषों से लंबी नजर आईं। आंकड़ों के अनुसार 11 बजे तक महिला मतदान प्रतिशत 47.04 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पुरुष मतदान प्रतिशत 40.16 प्रतिशत रहा। इससे पंचायत चुनावों में महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता साफ दिखाई दी।

प्रदेश के विभिन्न जिलों की बात करें तो सिरमौर सबसे आगे रहा, जहां 50.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा सोलन में 48.54 प्रतिशत, ऊना में 47.51 प्रतिशत और शिमला में 45.02 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरी ओर चंबा जिला 36.38 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे पीछे रहा। कई गांवों में मतदान को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बुजुर्ग, युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में भी खास उत्साह दिखाई दिया।

प्रदेश में कुल 1276 पंचायतों और 7334 वार्डों में मतदान प्रक्रिया जारी है। ऊना, सोलन, सिरमौर और हमीरपुर सहित कई जिलों में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान कर नया संदेश दिया है।11 बजे तक जिला वार मतदान प्रतिशत में सिरमौर 50.31, सोलन 48.54, ऊना 47.51, शिमला 45.02, कुल्लू 42.97, मंडी 42.94, बिलासपुर 42.49, हमीरपुर 43.39, किन्नौर 40.18, कांगड़ा 41.90, लाहुल-स्पीति 37.79 और चंबा 36.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Related Topics: