Election / नाहन नगर परिषद चुनाव में भाजपा को पहला झटका
Election : कांग्रेस समर्थित कपिल गर्ग उर्फ मोंटी ने 290 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नाहन नगर परिषद चुनाव में भाजपा को शुरुआती झटका दिया है। जीत के बाद कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नाहन
नाहन नगर परिषद चुनाव में भाजपा को शुरुआती दौर में बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी कपिल गर्ग उर्फ मोंटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 290 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस जीत के बाद कांग्रेस समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
मतगणना में कपिल गर्ग उर्फ मोंटी को कुल 770 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी शुभम सैनी को 440 वोट मिले। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों ने नारेबाजी की, मिठाइयां बांटी और जीत का जश्न मनाया। नगर परिषद चुनाव के पहले बड़े परिणाम ने नाहन की राजनीतिक फिजा को पूरी तरह गर्म कर दिया है।
राजनीतिक जानकार इस जीत को नाहन में कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव के तौर पर देख रहे हैं। खास बात यह रही कि भाजपा के मजबूत माने जा रहे क्षेत्र में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया।
वहीं नाहन विधायक अजय सोलंकी ने कपिल गर्ग उर्फ मोंटी को जीत की बधाई देते हुए इसे जनता के विश्वास और बदलाव की जीत बताया। अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन की जनता अब विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस मेहनत और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा, जनता ने उस पर मुहर लगाई है। विधायक ने कहा कि यह सिर्फ एक वार्ड की जीत नहीं बल्कि आने वाले समय के बड़े जनसमर्थन का संकेत है।
