Loading...

Election / नाहन वार्ड नंबर-2 से कांग्रेस समर्थित नरेंद्र तोमर ने चुनाव में जीत दर्ज की

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Hours Ago • 1 Min Read

Election : वार्ड नंबर-2 से कांग्रेस समर्थित नरेंद्र तोमर ने 40 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर नाहन नगर परिषद चुनाव में भाजपा को दूसरा बड़ा झटका दिया है। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

नाहन

नाहन नगर परिषद चुनाव में भाजपा को लगातार दूसरा बड़ा झटका लगा है। वार्ड नंबर-2 से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी नरेंद्र तोमर ने बेहद कांटे की टक्कर में भाजपा प्रत्याशी मनीष जैन को 40 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। इस जीत के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जबकि भाजपा समर्थकों में मायूसी छा गई।

मतगणना के अनुसार नरेंद्र तोमर को कुल 758 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी मनीष जैन को 718 वोट मिले। मुकाबला शुरू से ही बेहद रोमांचक बना रहा और आखिरी दौर तक दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि अंत में कांग्रेस समर्थित नरेंद्र तोमर ने बाजी मारते हुए भाजपा को दूसरा बड़ा राजनीतिक झटका दे दिया।

नगर परिषद चुनाव के लगातार आ रहे परिणामों ने नाहन की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज हो गई है कि जनता ने नगर परिषद के पिछले कार्यकाल के कामकाज को लेकर अपना फैसला सुनाना शुरू कर दिया है।

वहीं नाहन विधायक अजय सोलंकी ने नरेंद्र तोमर को जीत की बधाई देते हुए इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और पार्टी की विचारधारा की जीत बताया। अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन की जनता ने भाजपा शासित नगर परिषद के निकम्मेपन, निष्क्रियता और जनसमस्याओं की अनदेखी का जवाब वोट की ताकत से दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता लगातार परेशान रही और उसी नाराजगी का असर अब चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है।

अजय सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस जनता के विश्वास पर खरा उतरने का काम करेगी और शहर के विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Topics: