Loading...

Election / पहले चरण के नतीजों ने बदली सिरमौर की पंचायतों की तस्वीर, नए चेहरों को मिली कमान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 28 May 2026 • 1 Min Read

Election : जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ग्रामीण राजनीति की तस्वीर साफ हो गई है। विभिन्न विकास खंडों की पंचायतों में नए प्रतिनिधियों को जनता ने जिम्मेदारी सौंपी, जबकि कई स्थानों पर पुराने चेहरों ने दोबारा भरोसा हासिल किया। कई पंचायतों में निर्विरोध जीत भी चर्चा का विषय बनी रही।

नाहन

जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही ग्रामीण राजनीति की तस्वीर भी साफ हो गई है। जिले के विभिन्न विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में नए जनप्रतिनिधियों को जनता ने जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि कई स्थानों पर पुराने चेहरों ने भी दोबारा भरोसा हासिल किया है। कई पंचायतों में निर्विरोध जीत भी चर्चा का विषय बनी रही।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 मई को हुए मतदान और मतगणना के बाद विकास खंड नाहन, राजगढ़, ददाहू, संगड़ाह, शिलाई, पांवटा साहिब, पच्छाद और कमरऊ के तिलोरधार क्षेत्र की पंचायतों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

विकास खंड नाहन में कालाअंब पंचायत से यशपाल, त्रिलोकपुर से सुरेंद्र कुमार, नलका से विद्या सागर, बिक्रमबाग से अशोक कुमार और नाहन-दो पंचायत से रामनिवास ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की। वहीं पालियों से जग्गो देवी और रामाधौण से सीमा देवी भी पंचायत की नई कमान संभालेंगी।

राजगढ़ विकास खंड में नेहरपाब से अमित कुमार, शिलांजी से सुरेंद्र सिंह, दाहन से सुनील तथा थैना बसोतरी से ममता कुमारी प्रधान चुनी गईं। कई पंचायतों में निर्विरोध जीत भी देखने को मिली, जिनमें हाब्बन, काथली भरण और छोग टाली प्रमुख रहे।

विकास खंड ददाहू में ददाहू पंचायत से पंकज गर्ग, पराड़ा से नितेश कुमारी, महीपुर से माया देवी तथा मालगी से बारूराम ने जीत दर्ज की। संगड़ाह विकास खंड में गेहल से ओपी ठाकुर, लानाचेता से सुनील कुमार, शिवपुर से चंद्रकला तथा सांगना से रत्न सिंह ने पंचायतों की कमान हासिल की।

शिलाई क्षेत्र में भी कई पंचायतों के परिणाम सामने आए, जहां जरवा जुनेली, डाहर, लानी बोराड़, झकांडो और शिलाई पंचायतों में नए प्रधान चुने गए।

पांवटा साहिब विकास खंड में भैला से पूनम, मानपुर देवड़ा से नरेंद्र पाल, अजोली से कांता देवी, धौलाकुआं से मलकीत सिंह और भंगानी से पृथ्वीचंद ने जीत दर्ज की। वहीं पच्छाद में कोटला पंजोला से नीमा देवी, नैना टिक्कर से गोविंद राम, मंगढ़ से मीरा देवी और लाना भल्टा से रूपिंद्र कौर विजयी रहीं।

कमरऊ के तिलोरधार क्षेत्र में माशू, कांडोच्योग, ठोंठाजाखल, सतौन और कुनेर धमौण पंचायतों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण की चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और मतदाताओं के सहयोग से चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न करवाए गए हैं। नव निर्वाचित प्रतिनिधियों से पंचायत विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपेक्षा की गई है।

Related Topics: