Loading...

Election / सिरमौर की पंचायतों में जनता का फैसला, कहीं निर्विरोध ताज तो कहीं वोटों की जंग में तय हुई सत्ता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 7 Hours Ago • 1 Min Read

Election : जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और कई पंचायतों में जीत का जश्न देखने को मिला। चुनाव परिणामों में कई नए चेहरों को पंचायतों की कमान मिली, जबकि अनेक पंचायतों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए और कुछ जगहों पर कड़ी वोटिंग मुकाबले के बाद जीत-हार तय हुई।

नाहन

जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव परिणामों ने ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर सामने ला दी है। जिले के विभिन्न विकास खंडों की पंचायतों में प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों के परिणाम घोषित होते ही कई क्षेत्रों में जश्न का माहौल देखने को मिला। कहीं निर्विरोध जीत ने उम्मीदवारों को सीधे पंचायत की कमान सौंप दी, तो कई पंचायतों में मतों की कड़ी टक्कर के बाद जीत-हार का फैसला हुआ।

जिले के विकास खंड नाहन, पांवटा साहिब, पच्छाद, राजगढ़, संगड़ाह और ददाहू की पंचायतों में घोषित परिणामों ने कई नए चेहरों को पंचायत व्यवस्था में प्रवेश दिलाया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में पुराने और अनुभवी उम्मीदवारों ने दोबारा जनता का विश्वास हासिल किया है। चुनाव परिणामों के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी रहा और मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की आवाजाही बनी रही।

विकास खंड पच्छाद में कई पंचायतों के परिणाम विशेष रूप से चर्चा में रहे। मंगढ़ पंचायत से मीरा देवी ने जीत दर्ज की, जबकि नैना टिक्कर पंचायत से गोविंद राम और कोटला पंजोला पंचायत से नीमा देवी ने प्रधान पद पर जीत हासिल की। लाना भलता पंचायत से रुपिंदर कौर और टिक्करी-कुठार पंचायत से महेंद्र सिंह भी विजयी रहे।

विकास खंड पांवटा साहिब में मानपुर देवड़ा पंचायत से नरेंद्र पाल, धौलाकुआं से मलकीत सिंह, अजोली से कांता देवी, रामपुर भारापुर से रजनीश चौधरी तथा भंगानी पंचायत से पृथ्वी चंद ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की। भेला पंचायत में प्रधान और उप प्रधान पदों का निर्विरोध चुना जाना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

नाहन विकास खंड में कालाअंब पंचायत से यशपाल, त्रिलोकपुर से सुरेंद्र कुमार, धोन पंचायत से सीमा देवी और नलका पंचायत से विद्या सागर ने पंचायत की कमान संभाली। शाहली, बिक्रमबाग, पालियों और अन्य पंचायतों में भी नए जनप्रतिनिधि सामने आए हैं।

राजगढ़ और संगड़ाह विकास खंड की कई पंचायतों में निर्विरोध जीतों की संख्या अधिक रही। शिलांजी, दाहन, नेहर पाब, काथली भरण, हाब्बन, गेहल, लानाचेता, शिवपुर, नौहराधार और सांगना सहित कई पंचायतों में उम्मीदवार बिना मुकाबले चुने गए।

ददाहू विकास खंड की नेहर, ददाहू, पराड़ा, महिपुर, भरोग बनेड़ी, कांसर, मालगी, कोटी धीमान और छोऊ भोगर पंचायतों के परिणामों ने भी स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में नई हलचल पैदा की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा बलों और मतदाताओं का सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे पंचायतों के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देंगे।

Related Topics: