Loading...

Election / जिला परिषद में फिर भाजपा का बहुमत, कांग्रेस के गढ़ों में भी लहराया जीत का परचम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 5 Hours Ago • 1 Min Read

Election : सिरमौर जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने बहुमत हासिल करने का दावा करते हुए इसे प्रदेश सरकार के खिलाफ जनमत बताया है। भाजपा के अनुसार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री के गृह क्षेत्रों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा। पार्टी ने कहा कि जिला परिषद में दोबारा भाजपा समर्थित बोर्ड का गठन होगा और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

नाहन

सिरमौर जिला परिषद में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। भाजपा ने दावा किया है कि जिला परिषद में दोबारा भाजपा समर्थित बोर्ड का गठन होगा। जिला परिषद चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग ने कहा कि अब तक घोषित परिणामों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 17 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल कर लिया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों ने कांग्रेस के लिए गंभीर राजनीतिक संदेश दिया है। विशेष रूप से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र श्रीरेणुकाजी तथा उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के गृह क्षेत्र शिलाई में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा के अनुसार इन क्षेत्रों के परिणामों ने यह संकेत दिया है कि ग्रामीण मतदाताओं का रुझान भाजपा की ओर बढ़ा है।

राकेश गर्ग ने कहा कि जिला परिषद चुनाव के नतीजे प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया, जिसके कारण मतदाताओं ने स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को नकार दिया।उन्होंने कहा कि सिरमौर में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिला जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता सरकार के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में यह जनमत और अधिक मजबूत होगा तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी ने विजयी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जिला परिषद में बनने वाला नया बोर्ड विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि अंतिम परिणाम आने के बाद भी भाजपा का बहुमत और मजबूत होकर सामने आएगा।

Related Topics: